सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में चोरों ने तीन घरों से जेवर, नकदी सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। सिधौली के गांधीनगर मोहल्ला निवासी अजहर अली के घर के बाहर की खिड़की तोड़कर चोर सोमवार रात घर में घुस गए। इसके बाद चोरों ने 30 हजार नगदी, जेवर सहित करीब 50 हजार का माल पार कर दिया।
रेलवे कॉलोनी के पीछे स्थित मोहल्ला संत नगर में दाल व्यापारी विजय जायसवाल के घर को निशाना बनाकर चोरों ने रात को 15 हजार की नकदी, दाल सहित करीब 25 हजार का माल चोरी कर लिया। इनके पड़ोस के ही मनोज के घर में भी घुस कर चोरों ने एक लाख छह हजार के जेवर व 82 सौ की नगदी आदि पार कर दिया।
तीनों घरों से लगभग दो लाख का माल पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की है। कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि कस्बे में चोरी की कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।