तंबौर। खाना मरोड़ गांव में एक युवती का शव घर के अंदर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
खाना मरोड़ निवासी कपिल कुमार ने बताया कि सोमवार काे उनकी बहन ने घर में फांसी लगा ली थी। वह गांव में ही मामा के घर पर रहती थीं। बताया कि वह लखीमपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। उसके माता-पिता लखनऊ में रहते हैं। बहन तंबौर के सरदार पटेल इंटर काॅलेज की छात्रा थी। इसी वर्ष बहन ने इंटर की परीक्षा पास की थी। कपिल ने आरोप लगाया कि गांव निवासी एक युवक ने बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया था। युवक शादी-शुदा होने के बावजूद बहन को शादी का झांसा देता रहा।
बताया कि कुछ दिन पूर्व बहन के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। कुछ दिनों पूर्व ही बहन को युवक के शादी-शुदा होने की बात पता चली तो इससे क्षुब्ध होकर सोमवार देर शाम बहन ने फांसी लगा ली। उस समय मामा का परिवार एक कार्यक्रम में गया हुआ था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमरीश पर केस दर्ज कर लिया है।