नैमिषारण्य। रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही कक्षा-11 की छात्रा सिद्या बृहस्पतिवार को जल्द स्कूल पहुंचने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों पैर व एक हाथ कट गया।
आननफानन उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से नाजुक हालत में डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर पहुंचने में छात्रा को करीब साढ़े तीन घंटे लग गए।
नैमिषारण्य के भटटपुरवा निवासी सिद्या (17) मूलचंद महतिया स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा है। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। सुबह 8:50 बजे नैमिषारण्य की ठाकुरनगर रेलवे क्राॅसिंग पहुंची तो फाटक बंद था। छात्रा ने स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में क्राॅसिंग से थोड़ा आगे जाकर पटरी क्राॅस करने का प्रयास किया।
इसी दौरान अचानक बालामऊ पैसेंजर ट्रेन आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो छात्रा ने ट्रेन को देखा, लेकिन अचानक ट्रैक पार करने के लिए दौड़ लगा दी। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई। इसमें छात्रा के दोनों पैर व बायां हाथ कट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आननफानन उसे सीएचसी नैमिषारण्य पहुंचाया।
यहां सुबह 9:20 बजे तक इलाज व लिखापढ़ी होती रही। इसके बाद एंबुलेंस से सीधे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुबह 10 बजे छात्रा जिला अस्पताल पहुंची। यहां पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन वर्मा ने इलाज किया। सुबह 10:30 बजे छात्रा को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दोपहर 12:30 बजे छात्रा लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंची। परिजनों ने बताया कि छात्रा की हालत काफी नाजुक है।