सीतापुर। सीएचसी रेउसा में स्वास्थ्य सेवाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल यह है मरीजों को बेड तक नसीब नहीं हो पा रहे है। उमस भरी गर्मी में बिजली जाने पर जनरेटर ठप है तो मरीज बेहाल हो रहे हैं। सीमेटेड बेंच पर मरीजेें को लिटा कर इलाज कराया जा रहा है।
टूटे बेड पर किया इलाज
शनिवार को रसूलपुर निवासी मनोज शुक्ल की पत्नी लक्ष्मी देवी को दिक्कत होने पर सीएचसी पर भर्ती कराया। यहां पर एक टूटे हुए बेड पर लिटा दिया गया है। चादर तक बेड पर नहीं पड़ी थी। वहीं, मरखापुर निवासी राजेन्द्र पाल ने अपनी बेटी लक्ष्मी को बेहोशी के हालत में लाया। इनको बेड तक नसीब नहीं हो सका। प्रतीक्षालय में सीमेटेड बेंच पर लिटा दिया गया है। इस दौरान पंखे बंद पड़े थे। बिजली चली जाने पर जनरेटर ठप हो जाता है। इसके चलते यहां पर मरीजों को उसम भरी गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है।
बाहर से दवा लिख रहे डॉक्टर
मरीज लक्ष्मी की मां राजरानी ने बताया सभी दवाएं बाहर से लिखी गई हैं। अंदर से कोई दवाई नहीं मिली है।
जिम्मेदार बोले, कार्रवाई होगी
सीएचसी प्रभारी डॉ. विकास मिश्र ने बताया अव्यवस्थाएं नहीं हैं और न बाहर से दवा लिख रहे। ऐसा कुछ भी नहीं है। अगर कोई बाहर से दवा लिखता है तो कार्रवाई होगी।