सीतापुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों को संवारने की तैयारी है। इस साल 627 ग्राम पंचायतों में काम किया जाएगा। पहले चरण में 100 ग्राम पंचायतों के लिए कार्य योजना बन गई है। जल्द ही इन गांवों में कर्मचारी घर-घर जाकर कूड़ा उठाएंगे।
पंचायत राज विभाग की ओर से ठोस, द्रव्य एवं अपशिष्ट प्रबंधन योजना में 627 ग्राम पंचायतों को स्वच्छता मानकों पर खरा उतारने के लिए कार्य योजना बनी है। इसके तहत हर घर से कूड़ा कलेक्शन के लिए ई रिक्शे चलेंगे। कूड़े के निस्तारण के लिए आरआर सेंटर बनाए जाएंगे। संबंधित गांवों के ग्रे वॉटर के निस्तारण के लिए काम होंगे। नालियों के मध्य में सिल्ट चैंबर और अंत में फिल्टर चैंबर बनाने का भी काम होगा।
गांवों में कूड़ा एकत्र होकर सड़ने न पाए, इसके लिए गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र करके इसे आरआर सेंटर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतें कर्मचारियों को रख सकेंगी। आबादी के हिसाब से स्वच्छता संबंधी कार्य कराने के लिए शासन की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
527 गांवों की भी जल्द बनेगी कार्य योजना
100 ग्राम पंचायतों की कार्य योजना बन गई है। शेष 527 ग्राम पंचायतों के लिए भी कार्य योजना शीघ्र बनेगी। इसके बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। वहां से अनुमोदन मिलने के बाद कार्य कराए जाएंगे।
- अखिलेश गौतम, जिला समन्वयक, एसएलडब्ल्यूएम