लहरपुर। तहसील क्षेत्र में स्थापित कूड़ा निस्तारण केंद्र महज शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीण अंचलों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एकीकृत ठोस अवशिष्ट प्रबंधन केंद्र बनाया गया था। पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बने यह केंद्र अब जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण अव्यवस्था का शिकार हैं।
ग्राम पंचायत रायपुर गंज के भवानीपुर गांव में एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र के गेट पर ताला लटक रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत रायपुर गंज में लगभग चार लाख की लागत से इसे बनाया गया है। निर्माण के बावजूद अब तक इसका संचालन नहीं हो सका है।
ग्रामीण सड़कों के किनारे कूड़ा डालने के लिए विवश हैं। ग्राम प्रधान प्रेम कुमार ने बताया कि केंद्र के अंदर इंटरलॉकिंग न लग पाने के कारण चालू नहीं हो सका है। ग्राम सचिव दिनकर यादव ने बताया कि कराए गए कार्यों का भुगतान न होने के कारण केंद्र के अंदर लगने वाली इंटरलॉकिंग का काम रुका हुआ है।