सीतापुर। अगर आप गंगोत्री पहुंचने में असमर्थ हैं और वहां के पवित्र गंगाजल की जरूरत है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपको सिर्फ 30 रुपये में गंगोत्री का गंगाजल मिल जाएगा। ये गंगाजल प्रधान डाकघर में मिलेगा या फिर ऑनलाइन आर्डर करने पर आपके घर भेज दिया जाएगा।
मंगलवार को डाकघर में कार्यक्रम आयोजित करके इस सेवा की शुरूआत की गई। नित्य पूजापाठ, मांगलिक अनुष्ठानों व संस्कारों में गंगाजल की आवश्यकता होती है। ऐसे में गंगाजल की महत्ता देखते हुए डाक विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत हर जरूरतमंद को आसानी से गंगाजल मिलेगा। ये मां गंगा को उद्गम स्थल गंगोत्री का होगा।
250 मिलीलीटर की आकर्षक पैकिंग में ये गंगाजल प्रधान डाकघर से 30 रुपये में प्राप्त किया जा सकेगा। डाक विभाग की वेबसाइट पर ऑर्डर देकर गंगाजल घर पर भी मंगा सकते है। इसको लेकर जागरूकता के उद्देश्य से चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तर प्रदेश परिमंडल ने मंगलवार को विशेष आवरण जारी किया है।
इसका विषय भारतीय डाक की एक पहल-गंगाजल आपके द्वार रखा गया है। इसका विमोचन मदर प्राइड स्कूल की प्रबंध निदेशक मोनिका आनंद ने किया। इस मौके पर डाक अधीक्षक हरेकृष्ण यादव, सहायक अधीक्षक विकास मिश्र, अनिल कुमार शुक्ल, जयप्रकाश द्विवेदी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।