सांडा। सकरन क्षेत्र के ढफरा ओलरा गांव में रविवार को सर्पदंश से रीता की मौत के बाद परिवार के सामने अब रोजी-रोटी के साथ तीन मासूम बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। पति-पत्नी दोनों मजदूरी कर किसी तरह घर चलाते थे, लेकिन रीता की मौत ने परिवार का सहारा छीन लिया। अब 12 साल की बेटी और दो छोटे बेटों के भविष्य की पूरी जिम्मेदारी पिता जगमोहन पर आ गई है।
रीता कुछ दिन पहले करवाचौथ पूजन के लिए अपने मायके सिंघापुर आई थीं। इसी दौरान कमरे में बकरी बांधते समय जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया था। परिजन पहले झाड़-फूंक कराने में समय गंवाते रहे। बाद में उन्हें सीएचसी सांडा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। रीता अपने पीछे बेटी प्रीति (12), बेटे राहुल (10) और दीपक (8) को छोड़ गई हैं। पति जगमोहन भूमिहीन हैं। परिवार के भरण-पोषण के लिए दोनों पति-पत्नी लखनऊ में मजदूरी करते थे।
सीएचसी सांडा के अधीक्षक डॉ. आनंद मित्रा ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक और घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। अस्पताल में जरूरत के अनुसार एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) देकर उपचार किया जाता है। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से जान बचने की संभावना बढ़ती है।