फौजी की वर्दी पहन सेना में भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी अनिल स्वामी को बुधवार दोपहर कोतवाली पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट व बाइक भी बरामद की थी। पुलिस का कहना है कि मामले में और तहकीकात की जा रही है।
सोमवार शाम शहर कोतवाली क्षेत्र में बाईपास के पास आर्मी की वर्दी में घूम रहे एक संदिग्ध को सेना के जवानों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस के अलावा एटीएस, एसटीएफ, खुफिया एजेंसियों ने मामले की गहनता से जांच की थी।
पता चला कि मेरठ का रहने वाला अनिल नाम बदलकर पुराने सीतापुर में इस्लामबाग में महताब खान के नाम से रह रहा था। वह आर्मी की वर्दी पहन फौज में भर्ती के नाम पर लोगों को ठगता था। मामले में कोतवाली पुलिस ने आर्मी के सूबेदार की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला का कहना है कि आर्मी की वर्दी में लोगों से ठगी करने वाले को जेल भेज दिया गया है।