सीतापुर। चैत्र नवरात्र की शुरुआत 30 मार्च से होगी। इसे लेकर देवी मंदिरों व घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। घरों में नवरात्र पर श्रद्धालु माता का दरबार सजाते हैं। नौ दिनों तक मां दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों का पूजन करते हैं। नवरात्र को लेकर बाजारों में दुकानें सज गईं हैं। लोग चुनरी, कलश व पूजन की अन्य सामग्री खरीद रहे हैं।
शहर में मुख्य बाजार लालबाग और ग्रीकगंज समेत कई स्थानों पर नवरात्र को लेकर पूजन सामग्री की दुकानें सजी हैं। मां दुर्गा के लिए कई तरह की लाल चुनरी दुकानों पर उपलब्ध हैं। गोटेदार लाल चुनरी लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा लहंगा, सिंदूर तथा कई तरह के कलश भी दुकानों पर मौजूद हैं। मां अंबे के शृंगार के लिए चूड़ी, माला, सिंदूर, हार, पायल, बिंदी, कमल गट्टे, आसनी आदि के अलावा त्रिशूल व मुकुट की मांग लोग कर रहे हैं। अखंड दीपक की भी बिक्री हो रही है।
दुकानदार सूरज रस्तोगी ने बताया कि नवरात्र को लेकर लोगों में उत्साह है। रविवार से चैत्र नवरात्र का शुभारंभ होगा। चैत्र नवरात्र शुरू होने से दो दिन का समय बचा है। ऐसे में घरों में माता का दरबार सजाने के लिए पूजा सामग्री की खरीदारी लोग कर रहे हैं। इसके साथ व्रत में खाने वाली वस्तुओं की खरीदारी भी तेज हो गई है।
उधर, देवी मंदिरों में साफ-सफाई शुरू हो गई है। शहर के आंख अस्पताल मार्ग स्थित संतोषी माता मंदिर, आलमनगर का दुर्गा मंदिर, पराग डेयरी के निकट स्थित काली मंदिर, पंजाबी धर्मशाला स्थित दुर्गा मंदिर इत्यादि में नवरात्र की तैयारियां की जा रही हैं।