सीतापुर। सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत 1012 बेटियों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। विभाग की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। इसके लिए संबंधित बेटियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। चार सौ आवेदन पात्र पाए गए हैं।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जरूरतमंद बेटियों का धूमधाम से सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके लिए चयनित स्थलों पर मंडप सजाए जाएंगे। सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने पर उनकी जांच करने के बाद पात्र पाए जाने पर चयन किया जाता है। तकरीबन 1,200 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनकी जांच हो रही है। चार सौ आवेदन पात्र पाए गए हैं। इनका सामूहिक विवाह कराने की तैयारी की जा रही है।
विवाह की तिथि की सूचना आवेदन में अंकित मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। सीएम सामूहिक विवाह योजना में एक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से 60 हजार रुपये बेटी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। 25 हजार रुपये की विवाह उपयोगी सामग्री दी जाएगी। 15 हजार रुपये मंडप सजाने से लेकर दोनो पक्षों की खातिरदारी आदि पर खर्च किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल ने बताया कि नवंबर माह में सामूहिक विवाह कराए जाने की तैयारी की जा रही है।