सीतापुर। जिले में गुरुवार को अलग-अलग सड़क हादसों में एक पूर्व सभासद व छात्रा समेत चार लोगों की मौत हो गई। ये हादसे महोली और हरगांव थाना क्षेत्रों में हुए।
महोली प्रतिनिधि के अनुसार नगर के मास्टर कॉलोनी निवासी पूर्व सभासद आदर्श शुक्ला (38) कृषक इंटर कॉलेज में प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत थे।
गुरुवार सुबह मार्निग वॉक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंज बाजार मोड़ के निकट शाहजहांपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
कोतवाली क्षेत्र के आल्हना निवासी रिजवान की 12 वर्षीया पुत्री आफरीन गुरुवार सुबह साइकिल से उच्च प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर पढने जा रही थी।
अल्हना से भगवानपुर संपर्क मार्ग पर लक्षिमनपुर गांव के निकट पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने छात्रा की साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला।
हरगांव प्रतिनिधि के अनुसार थानाक्षेत्र के मीरपुर निवासी रामचंद्र विश्वकर्मा (50) पुत्र राम सिंह अवध शुगर मिल हरगांव में ठेकेदारी करता था। गुरुवार सुबह मिल के सामने सड़क पार करते समय रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
हादसे में बुरी तरह से जख्मी रामचंद्र की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दूसरी तरफ क्षेत्र के निगोहा में रहने वाला सुभाष (18) पुत्र सालिगराम गुरुवार सुबह मजदूरी करने जा रहा था।
सड़क पार करते समय रोडवेज बस की टक्कर से वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बसें कब्जे में लेकर आग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसों में चार जख्मी
रेउसा (सीतापुर)। अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी में किया जा रहा है।
थानाक्षेत्र थाना गांव के डेलिया निवासी माजिद ट्रैक्टर से खेत जोतने जा रहा था। सड़क पर खड़े गांव के ही लाला के ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में इस्लाम व माजिद घायल हो गए।
रेउसा थाना क्षेत्र के भदमरा निवासी राधेश्याम अपने साथी प्रमोद निवासी अकसोहा के संग बाइक से रेउसा आ रहे थे। मूर्तपुर पुलिया के करीब बाइक पलट जाने से दोनों घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।