सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। दुर्घटनाएं शहर कोतवाली, तम्बौर, रेउसा व सिधौली क्षेत्र में हुईं। शहर कोतवाली क्षेत्र के शमशेरबाग मोहल्ला निवासी राहुल दीक्षित (25) पुत्र सुशील गुरुवार रात करीब 11 बजे बाइक से घर जा रहा था।
कैंचीपुल के निकट एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह तंबौर इलाके के चांदीखेड़ा निवासी सरोज कुमार (30) शुक्रवार को पैदल ही बेहटा चौराहे के पास जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
घटना के बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। रेउसा क्षेत्र के बजहा गांव निवासी धर्मेश (30) पुत्र प्रमोद शुक्त्रस्वार की शाम ट्रैक्टर ट्रॉली से गन्ना लेकर जा रहा था, तभी बजहा व पकौरी के बीच रास्ते में चढ़ाई पर ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठ गया जिससे ट्रॉली पलट गई, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच दबकर धर्मेश की मौत हो गई।
वहीं सिधौली कोतवाली इलाके में सरसौली गांव के पास हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।