पुराने सीतापुर के गर्ल्स इंटर कॉलेज में मतदाताअें को जागरूक करते बीएलओ।
बिसवां। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही और फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग में धीमी प्रगति पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कार्य में शिथिलता बरतने के मामले में बिसवां और महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के 17 कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इनमें चार बीएलओ और 13 लेखपाल शामिल हैं।
तहसीलदार बिसवां विनय कुमार बरनवाल ने बताया कि रेउसा क्षेत्र में अभियान के दौरान अनुपस्थित रहने और कम संख्या में फार्म ऑनलाइन करने पर चार बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। इनमें गोधनी सरैया के रोजगार सेवक इंद्रजीत यादव, परसिया की शिक्षामित्र अनीता सिंह, हलीम नगर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण श्रीवास्तव और देवतापुर के पंचायत सहायक अंशुमान मिश्रा शामिल हैं।
वहीं, बीएलओ के कार्यों की निगरानी में लापरवाही पर बिसवां तहसील के चार सुपरवाइजर लेखपालों शरद सिंह, विशाल राठौर, रूनेश कुमार और संदीप कुमार के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। तहसीलदार ने इस संबंध में एसडीएम को रिपोर्ट भेजी है।
उधर, सेवता विधानसभा क्षेत्र में भी पुनरीक्षण कार्य की निगरानी में लापरवाही पर कार्रवाई की गई है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विनीत सिंह ने महमूदाबाद तहसील के नौ लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। इनमें शिवकुमार शर्मा, अखिलेश कुमार, निर्मल कुमार, गौरव सिंह, विवेक सिंह, अनिल सिंह, सुशील वर्मा, सतीश प्रथम और जितेंद्र पाल सिंह शामिल हैं।