सीतापुर। विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि भाजपा ने देश में शौचालय, बिजली, सड़क आदि पर कार्य कर देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। सेवता विधानसभा की सभी बड़ी समस्याओं के समाधान पर विचार किया जा रहा है, इनको जल्द ही खत्म किया जाएगा। वे रेउसा ब्लॉक के असईपुर गांव में पंचायत भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे।
विधायक ने हवन-पूजन कर विधिविधान के साथ पंचायत भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। विधायक ने कहा सपा सरकार में छह जनपद वीआईपी थे, जिनको बिजली मिल रही थी। लेकिन अब पूरा उत्तर प्रदेश जगमग हो रहा है। सेवता के कई गांव बिजली से महरूम थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी ने सभी गांवों को बिजली से जोड़ा है। भाजपा का उद्देश्य सबका साथ सबका विकास है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश मिश्र, प्रधान शिवबरन शुक्ल, अशोक वाजपेयी, पिंकू वाजपेयी, ज्ञानेश, वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।