हरगांव वन रेंज में कॉम्बिंग करती वन विभाग की टीम।
- फोटो : हरगांव वन रेंज में कॉम्बिंग करती वन विभाग की टीम।
हरगांव (सीतापुर)। वन विभाग की टीम रविवार को दिन भर खेतों की खाक छानती रही, लेकिन बाघ का कोई सुराग नहीं मिला। कॉम्बिंग के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी। पिछले दो दिनों से बाघ के नए पगचिह्न नहीं मिले हैं। हांलाकि, इलाके में दहशत बनी हुई है।
हरगांव वन रेंज में एक महीने से बाघ चहलकदमी कर रहा है। पखवाड़े भर पहले मुमताजपुर व अंदौली के करीब उसके पगचिह्न मिले थे। कई ग्रामीणों ने बाघ देखने का दावा किया था। इसके बाद विगत शुक्रवार को भूड़पुरवा के पास बाघ के पगचिह्न मिलने से कई गांवों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग करने के साथ लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रही है। रविवार को मुमताजपुर व अंदौली के आसपास कॉम्बिंग की गई। रेंजर बीनू पाल ने बताया कि दो दिन से कहीं पर भी बाघ के नए पगचिह्न नहीं मिले हैं। इससे लगता है कि बाघ यहां से निकल गया है। ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है।