सीतापुर। बिसवां वन क्षेत्र के थानगांव के बैजवारी गांव में ननिहाल आई मासूम बच्ची को जंगली जानवर झोपड़ीनुमा घर से उठाकर ले गया था। गांव के बाहर बच्ची के कपड़े मिलने से परिजन बदहवास हो गए। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मगर किसी जानवर को पगचिह्न नहीं मिले। हालांकि बृहस्पतिवार को भी वनकर्मी आसपास के इलाके में मासूम को तलाशते रहे।
थानगांव के बारिनपुरवा मजरा चहलारी गांव निवासी राजकुमार की पुत्री सोनम (04 माह) कुछ दिनों से अपने नाना किशोरी कश्यप के घर ग्राम बैजवारी में रह रही थी। मंगलवार रात वह अपनी मां के साथ झोपड़ीनुमा घर में चारपाई पर सो रही थी। रात करीब दो बजे अचानक एक जंगली जानवर घर में घुस आया और मां के पास सो रही मासूम को मुंह में दबाकर उठा ले गया। घटना का आभास होते ही मां ने शोर मचाया, लेकिन तब तक जानवर बच्ची को लेकर भाग गया। काफी खोजबीन के बाद गांव के बाहर जंगल में बच्ची के कपड़े मिले।
बिसवां रेंजर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। घटना की जांच कराई जा रही है। मौके पर कोई पगचिह्न नहीं मिले हैं।