सीतापुर। गर्मियों की छुट्टियों के बाद विद्यालय पहुंचे नौनिहालों का मंगलवार को जोरदार स्वागत हुआ। शिक्षक/शिक्षिकाओं ने रोली चंदन का टीका लगाया और फूल भी बरसाए। विद्यालय को भी सजाया गया। दोपहर में हलवा व खीर खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। पहले दिन कोर्स की पढ़ाई के बजाए उनके छुट्टियों के अनुभव साझा किए। इससे नौनिहाल काफी खुश नजर आए। वहीं पहले दिन नौनिहालों की संख्या कम ही नजर आई।
शहर के आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर में पुष्पवर्षा कर बच्चों का स्वागत हुआ। वहीं, प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर, नई बस्ती, लोहारबाग सहित अन्य विद्यालयों में सुबह से ही तैयारी नजर आई। नौनिहाल पहुंचने पर शिक्षकों ने उनका स्वागत किया।
सिधौली कस्बे के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर में बच्चों के आगमन पर सभी बच्चों का टीका लगाकर पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया। साथ ही स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ भी हुआ। महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय बघाइन में सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था। यहां बच्चों का रोली लगाकर और गुलाब देकर स्वागत किया गया। प्रधानाध्यापिका अर्चना वर्मा ने बताया कि यहां कुल 139 बच्चे पंजीकृत है जिसमें पहले दिन 106 बच्चों ने उपस्थित दर्ज कराई।
कंपोजिट विद्यालय गोधौरी में बच्चों ने स्कूल के बोर्ड पर वेलकम बैक लिखकर स्कूल खुलने पर खुशी जताई। रेउसा के प्राथमिक विद्यालय पिपरा में प्रधानाध्यापक आदित्य पांडेय ने छात्र/छात्राओं को रोली चंदन लगाकर स्वागत किया। बच्चों को खीर खिलाई गई।
खैराबाद के जमैयतपुर कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेंद्र पांडेय ने जोरदार स्वागत किया। मिश्रिख के प्राथमिक विद्यालय बहुती में प्रधानाध्यापिका मानू त्रिवेदी ने बच्चों को टीका लगाकर व मिठाई खिलाकर बच्चों का स्वागत किया। मध्याह्न भोजन में खीर बांटी।
लहरपुर के प्राथमिक विद्यालय ईरापुर में बच्चों को टीका लगाकर और खीर खिलाकर स्वागत किया गया। इसी तरह पूरे जिले में विविध कार्यक्रम हुए। पहले दिन शिक्षकों ने नौनिहालों को कोर्स की कोई बारीकी नहीं सिखाई। केवल उनके नाना नानी, मामा मामी, दादा दादी के साथ बिताएं गए पलों को पूछा।
एक बच्चा आया, उसका नहीं हुआ स्वागत
ब्लॉक संसाधन केंद्र लहरपुर से सटे कंपोजिट विद्यालय लहरपुर में प्राइमरी विद्यालय में पंजीकृत 93 बच्चों में से मात्र एक बच्चा उपस्थित मिला। इस जागरूक बच्चे का शिक्षकों ने कोई स्वागत नहीं किया जबकि विद्यालय में चार शिक्षक उपस्थित थे। जूनियर हाईस्कूल में पंजीकृत 104 छात्रों में मात्र तीन बच्चे ही उपस्थित रहे। ये भी स्वागत को तरसते रहे। प्राथमिक विद्यालय मुसैती में 121 पंजीकृत बच्चों में से 60 बच्चे उपस्थित रहे। प्राथमिक विद्यालय केशरीगंज में पंजीकृत 87 बच्चों में से केवल 22 आने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कंपोजिट विद्यालय दोस्तपुर टकेला में कोई भी कार्यक्रम नहीं हुआ।
प्राइवेट स्कूलों में भी रही रौनक
सरकारी विद्यालय के साथ ही प्राइवेट स्कूल भी खुल गए। सुबह के समय छोटे बच्चे अपने मम्मी पापा के साथ विद्यालय पहुंचे तो वह रोने लगे। मम्मी ने उन्हें टॉफी, बिस्कुट का लालच देकर स्कूल के अंदर प्रवेश कराया। शिक्षिकाओं ने भी उन्हें गोद लेकर स्कूल के अंदर तक ले गई। छुट्टी के समय अभिभावक अपने बच्चे के इंतजार में खड़े रहे। जैसे ही बच्चों ने अपने मम्मी पापा को देखा तो हंसी -खुशी से दौडकऱ उनके पास आ गए।