सीतापुर। रेउसा इलाके में सरयू के जलस्तर में कमी आने के बाद अब संक्रामक बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिए है। ग्राम पंचायत गोलोक कोडर के तीन मजरों में 50 से अधिक लोग वायरल से पीड़ित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है। जलस्तर में कमी आने से ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं रतनगंज, बजहा, मरैली में नदी का जलस्तर ज्यादा होने से ग्रामीण दहशत में थे। अब पानी कम होने पर राहत महसूस कर रहे हैं।
पानी हटने से संपर्क मार्गों पर कीचड़ हो जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। उधर, गोलोक कोडर के मजरा आसारामपुरवा, नया निर्मलपुरवा, संतरामपुरवा आदि गांवों में संक्रामक रोग ने पांव पसार दिए हैं। 50 से अधिक लोग वायरल की चपेट में हैं। ग्रामीणों का कहना है पानी हटने के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू व मलेरिया की आशंका है।