सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शनिवार दोपहर नगर पालिका लहरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फाइलों में कमियां, दो साल से लंबित कार्य और अधिकारियों की लापरवाही देख डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी (ईओ) को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम ने ईओ को कार्यशैली सुधारने की चेतावनी दी। साथ ही तीन पटल बाबुओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। दाखिल-खारिज की फाइलें दो साल से लंबित रखने पर बाबू मोहम्मद हानिश को प्रतिकूल प्रविष्टि, मुशीर अहमद को चेतावनी पत्र और मुजफ्फर हुसैन को नोटिस जारी किया गया है।
नगरीय झील और तालाबों के कार्यों में लापरवाही और देरी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश दिया गया है। डीएम ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग के निरीक्षण के दौरान एक आवेदक को फोन कर फीडबैक लिया।
कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम ने ईओ को शहर से अवैध अतिक्रमण हटाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेखा, निर्माण, जलकल और आईजीआरएस सहित सभी प्रमुख अनुभागों की गहनता से जांच की।