गलत जानकारी देकर नौकरी हथियाना पांच शिक्षिकाओं को महंगा पड़ गया। बीएसए ने उन्हें बुधवार को बर्खास्त कर दिया। 16,448 शिक्षक भर्ती चयन में इन शिक्षिकाओं ने शासनादेश के विपरीत गलत जानकारी दी थी।
ये सभी शिक्षिकाएं गाजियाबाद की रहने वाली है। इन्होंने प्रथम वरीयता में गाजियाबाद के बजाय सीतापुर का चयन किया था। जबकि उस समय गाजियाबाद जनपद में सीटें रिक्त थी। जांच में मामला सही पाए जाने पर इन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। ये शिक्षिकाएं पिछले एक साल से यहां नौकरी कर रही थी। करीब दो माह पहले इनका वेतन रोका जा चुका था।
शासन की ओर से 2016 में परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 16,448 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी। इसमें बीटीसी प्रशिक्षुओं का चयन होना था। जनपद सीतापुर में 564 सीटें थी। जबकि गाजियाबाद में केवल पांच सीटें ही थीं।
बीएसए अजय कुमार का कहना है नियमानुसार जिस जनपद से अभ्यर्थी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है, उसे वहीं से आवेदन करना होता है। अगर उस जनपद में सीटें नहीं हैं तो वह अन्य जगह से आवेदन कर सकता है।
लेकिन गाजियाबाद जनपद के रहनी वाली पांच शिक्षिकाओं ने आवेदन में इस तथ्य को छुपाए रखा। पांचों ने प्रथम वरीयता में सीतापुर का चयन कर लिया। जबकि उन्हें गाजियाबाद में करना चाहिए था।
चयन के बाद सात सितंबर 2016 को उन्हें नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया था। इस मामले की एक शिकायत के आधार पर हुई जांच में पूरा मामला खुल गया। इस पर उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
बर्खास्त होने वालों में एलिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय पसनैका में तैनात कविता पुत्री भोजराज सिंह निवासी सेक्टर 10 चिरंजीव विहार गाजियाबाद, खैराबाद के प्राथमिक विद्यालय गंगापुर उल्फतराय में तैनात युक्ति पुत्री अनिल गुप्ता निवासी केबी 6, एसएफ 2 निकट जैन मंदिर कवि नगर, गाजियाबाद, एलिया के प्राथमिक विद्यालय सरायं जीत में तैनात नीतू शम्मी पुत्री लखीराम निवासी जयंतीपुरम गोविंदपुरम सदर, गाजियाबाद, खैराबाद के प्राथमिक विद्यालय रफातपुर में तैनात पूनम पुत्री अर्जुन निवासी जयंतीपुरम गोविंदपुरम सदर गाजियाबाद व एलिया के प्राथमिक विद्यालय पचैनापुर में तैनात रूबी कटारिया पुत्री मंगतेराम कटारिया निवासी गांधीरोड, कृष्णगंज पिलखुआ हापुड़ शामिल हैं। यह शिक्षक पहले वेतन पा रहे थे। करीब दो माह पहले शिकायत होने पर जांच चल रही थी। इस पर बीएसए ने इनका वेतन रोक रखा था।