सीतापुर। बिसवां के झउवाखुर्द गांव में बुधवार रात जागरण पंडाल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन कलाकारों समेत पांच लोग झुलस गए। इनमें दो लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सीओ हर्षित ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया था। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। सकरन की ग्राम पंचायत झउवाखुर्द में नवरात्र के अवसर पर ग्रामीणों ने जागरण का आयोजन किया गया था। रात करीब 11 बजे कलाकार देवी-देवताओं के रूप में झांकियों का मंचन कर रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से जागरण पंडाल में आग लग गई। देखते ही देखते पंडाल और उसमें रखा सामान जलने लगा। आग की चपेट में आने से गांव के कलाकार कमलेश, लवकुश और शिवपूजन के अलावा दर्शक मोहम्मद अय्यूब और उनकी पुत्री साबिया झुलस गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी सांडा पहुंचाया गया। कमलेश और लवकुश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। (संवाद)