सीतापुर। विकास भवन सभागार में डीएम की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों का अनुश्रवण और सर्वाेच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। पांच ब्लॉकों रेउसा, पिसावां, महमूदाबाद, बेहटा, सिधौली में फैमिली आईडी बनाए जाने की प्रगति खराब पाई गई। डीएम ने इन विकास खंडों सहित सभी ब्लॉकों में फैमिली आईडी बनाए जाने की प्रगति में सुधार के निर्देश दिए।
डीएम अभिषेक आनंद ने कहा कि निर्धारित पोर्टल पर समय से जरूरी डाटा भरा जाए। लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। गोआश्रय स्थलों में मानकों के अनुरूप प्रबंध हों। उन्होंने पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग कराने तथा पौधों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निर्माणाधीन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने और पूर्ण कार्यों का निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र हैंडओवर कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता, डीसी मनरेगा चंदन देव पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।