सीतापुर। गोंदलामऊ ब्लॉक के कैलाश आश्रम तीर्थ में बुधवार सुबह सैकड़ों मृत मछलियां उतराती पाई गईं। बड़ी संख्या में मछलियां मरने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसे लेकर श्रद्धालु तरह-तरह की चर्चाएं करते मिले। यह पहली घटना नहीं है इससे पूर्व भी कई बार इस कुंड में अचानक मछलियों की मौत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि सफाई न होने से गंदे पानी में ऑक्सीजन की कमी से इन मछलियों की मौत हुई होगी।
कैलाश आश्रम के पवित्र कुंड में सुबह दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने कुंड का दृश्य देखा तो भौंचक्के रह गए। काफी संख्या में मछलियों के मरनने की खबर फैलने पर ग्रामीणों की भीड़ कुंड के किनारे जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार साफ-सफाई के अभाव में कुंड का पानी गंदा और दूषित हो गया है। इससे जल में ऑक्सीजन की कमी से मछलियों की मौत हुई होगी। वहीं, कुछ लोग भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को भी इस घटना का कारण बता रहे हैं।
कैलाश आश्रम क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना, स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कुंड में मछलियों के मृत मिलने से श्रद्धालुओं में गम व गुस्सा व्याप्त है। मिश्रिख एसडीएम अभिनव यादव ने बताया कि गोंदलामऊ बीडीओ को मृत मछलियां निकलवाने के साथ मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।