झरेखापुर (सीतापुर)। कोतवाली देहात इलाके में शुक्रवार की शाम दरवाजे पर बैठे एक युवक को गोली मार कर घायल कर दिया गया। घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे चुनावी रंजिश बताई जा रही है। कई राउंड फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस फायरिंग से इनकार कर ईंट पत्थर चलने से युवक के घायल होने की बात कह रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव पकरिया धापूपुर निवासी कमल किशोर (18) शुक्रवार की शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। आरोप है कि पड़ोस के एक घर में कुछ लोग घात लगाए बैठे थे। यहां से निकलने के बाद उन लोगों ने अपने समर्थित प्रत्याशी को वोट न देने को लेकर गाली-गलौज की और गोली चलाई। गोली लगने से वह घायल हो गया।
बताते हैं कि दबंगों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। इंस्पेक्टर कोतवाली देहात ओपी तिवारी ने बताया कि दोनों गुटों में ईंट-पत्थर चले हैं। फायरिंग नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)