हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के खेदरापुर गांव में प्रधान के पैर पर बाइक का पहिया चढ़ने से उपजे विवाद में एक पक्ष ने प्रधान पक्ष पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मामले में पीड़ित ने गांव के आठ लोगों को नामजद किया है। तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हरगांव के खेदरापुर के प्रधान पीएन सिंह सोमवार सुबह गांव में खड़े थे। तभी गांव के ही प्रदीप ने उनके पैर पर बाइक चढ़ा दी थी।
इसी को लेकर सोमवार शाम प्रधान के भाई जनरैल सिंह व जीएन सिंह का प्रदीप के पक्ष से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर प्रदीप ने जरनैल सिंह आदि पर फायरिंग कर दी। इससे जरनैल सिंह व उनके परिवार की शुभांगी सिंह गोली लगने से घायल हो गईं।
सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जरनैल सिंह की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं शुभांगी का सीएचसी में इलाज चल रहा है। मामले में प्रदीप के साथ गांव के ही कुलदीप, विक्रम, रामस्वरूप, हरीश, छत्रपाल, हीरालाल व गुलशन के खिलाफ तहरीर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और आरोपी छत्रपाल को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।