सीतापुर। बिसवां के कैथीटोला में शनिवार को पतंग उड़ाने को लेकर हुए मामूली विवाद में गोली चल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मोहल्ला निवासी सुमन देवी ने बताया कि शुक्रवार को उनके बच्चे और राजू श्रीवास्तव का बेटा अंश छत पर पतंग उड़ा रहे थे।
इसी दौरान बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद संजय श्रीवास्तव, वंश व अंश उनके घर पर आ गए। आरोपियों ने महिला को पीट दिया और संजय श्रीवास्तव ने दो राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। सुमन ने बताया कि फायरिंग के दौरान भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। बवाल का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक गाली देता हुए दिख रहा है। अपराध इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को पाबंद किया गया है।
घर से बुलाकर युवक को नहर में फेंका
सीतापुर। बिसवां के मोहल्ला थाना तहसील निवासी दिनकर वर्मा ने बताया कि शनिवार शाम मोहल्ला मास्टर कॉलोनी निवासी एक युवक ने उसे कई बार फोन किया। इसके बाद युवक उसको लेकर शारदा सहायक नहर पर पहुंचा। वहां पर उसने पहले अपनी दो-तीन फोटो खिंचवाई। फिर नहर में धकेल दिया। दिनकर किसी तरह नहर से निकल कर बाहर आ सका।कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।