जहांगीराबाद (सीतापुर)। रेउसा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर शाम घर में खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसकी चपेट में आकर तीन घरों में रखा गृहस्थी का सामान जल गया। ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी। दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
बसहिया गांव में परदेशी के घर में सोमवार देर शाम खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के राम सागर व लवकुश कुमार के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घर में रखा अनाज , कपड़े, साइकिल व जेवर संग अन्य सामान जल गया। पीड़ित राम सागर ने बताया कि पांच हजार की नकदी संग 25 हजार रुपये के जेवरात व अन्य सामान जल गया है।
लवकुश के घर में तैंतीस सौ रुपये नकदी संग घर में रखी सामग्री गैस, चूल्हा, बक्सा आदि जल गया। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ यादव गांव पहुंचे। लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया। कहा कि आग से तीनों घरों के चार परिवारों का करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों काे भेजेंगे।