महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर की गल्ला मंडी स्थित एक दुकान में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग में गेहूं, धान, सरसों व दो हजार खाली बोरे भी जलकर राख हो गए।
महमूदाबाद के मोहल्ला पैगम्बरपुर निवासी मोहम्मद शोयब की गल्ला मंडी में गल्ले की दुकान है। सोमवार सुबह करीब छह बजे शोयब को गल्ला मंडी से सूचना मिली कि उसकी गल्ले की दुकान में आग लग गई है। दुकान मालिक आननफानन में गल्ला मंडी पहुंचा।
फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक के अनुसार दुकान के बाहर रखे करीब दो हजार खाली बोरे, लगभग तीन क्विंटल मसूर, पांच क्विंटल धान, आठ क्विंटल गेहूं तथा तीन क्विंटल सरसों जलकर राख हो गई।
गल्ला मंडी में पानी भरने की कोई व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते फायर ब्रिगेड टीम को नगर पालिका पानी लेने जाना पड़ा। अगर गल्ला मंडी में पानी की व्यवस्था होती तो इतना नुकसान होने से बच जाता।