रामपुर मथुरा (सीतापुर)। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से लीकेज बाद भड़की आग ने मंगलवार को ग्वाहडीह में कोहराम मचा दिया। इसकी चपेट में आकर करीब दस घर जलकर खाक हो गए। वहीं एक और गांव में अचानक लगी आग ने तीन घरों को अपनी चपेट में लेकर राख कर दिया। आग लगने की दोनों घटनाओं में करीब चार लाख की संपत्ति का नुकसान बताया गया है।
रामपुर मथुरा इलाके के नयापुरवा मजरा ग्वाहडीह में कटान पीड़ितों को प्रशासन ने आवासीय भूमि देकर अभी कुछ दिन पहले ही बसाया है। मंगलवार को गांव के महेश के घर में गैस सिलेंडर पर खाना बन रहा था, इस बीच सिलेंडर से हो रही लीकेज ने आग पकड़ ली। इसने जल्दी पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे।
मदद के लिए दमकल विभाग को भी फोन से सूचना दी गयी लेकिन लंबी दूरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देरी से पहुंची। इस बीच गांव वालों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। लेकिन इससे पहले आग की चपेट में आकर दस घर और उनमें रखा समान सब कुछ स्वाह हो गया। आग की चपेट में आने से महेश के अलावा गांव के दिनेश ,तीरथ, लल्लू, सुकई, रवींद्र, हवलदार, देशराज, रामविजय, कल्लू के घरों में रखी 40 हजार की नगदी के साथ तीन लाख से अधिक का नुकसान हुआ।
रामपुर मथुरा इलाके के ही असईपुर मजरा उमरी गनेशपुर में भी मंगलवार दोपहर को सोनेलाल के घर से अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग की बेकाबू हुई लपटों ने पड़ोस के छोटकन्न, कमलू के घरों को जलाकर राख कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि आग लगने से करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।