महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के सिधौली महमूदाबाद मार्ग पर स्थित छपर तल्ला तालाब के किनारे रखी तीन गुमटियों में बृहस्पतिवार भोर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे लाखों रुपये का सामान जल गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। इलाके के छपर तल्ला तालाब के किनारे मो. शोएब का सैलून है। वहीं, मो. सफी की सीट कवर की दो गुमटियां हैं। बुधवार रात वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। बृहस्पतिवार भोर तीन बजे से चार बजे के बीच लोगों ने फोन कर उनकी दुकान में आग लगने की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो दमकल आ चुकी थी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदारों ने बताया कि लाखों रुपये के समान की क्षति हुई है।