बिसवां (सीतापुर)। शार्ट सर्किट से एक घर में आग लगने से नकदी सहित करीब तीन लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है। बिसवां कोतवाली क्षेत्र में पटेल नगर निवासी दिलीप पुत्र बाबूराम के घर में बुधवार की रात अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गयी। आग
की लपटें इतनी तेज थीं, कि कमरे में खड़ी मोटर साइकिल और दो साईकिले सहित कमरे के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। परिवार के सभी लोग बाहर के कमरे में सो रहे थे। आग की लपटें देख मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। तब तक परिवार के लोग जागकर भाग खड़े हुए। मकान मालिक दिलीप ने बताया की हमारी साइकिल की दुकान थी जिसको अभी खाली किया था।
उसका करीब एक लाख रुपया और मकान बनवाने के उद्देश्य से पहले से रखा करीब डेढ़ लाख रुपये और सामान सहित करीब तीन लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया। मोहल्ले वासियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना पाते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची। साथ ही दमकल टीम को भी सूचना दी गई थी, लेकिन दमकल टीम आग बुझाए जाने के बाद मौके पर पहुंची।