कुंवरगड्डी। अटरिया के कंटाइन गांव में मंगलवार सुबह एक झोपड़ी में आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर आठ बकरियाें की जलकर मौत हो गई। आग बुझाते समय एक व्यक्ति झुलस गया। आग से हजारों की नगदी व सामान जल गया और 11 बकरियां झुलस गईं। सबका इलाज चल रहा है।
कंटाइन निवासी हरिपाल कश्यप का परिवार गांव के बाहर झोपड़ी में रहता है। हरिपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में उसके घर में आग लग गई। झोपड़ी में बंधी 19 बकरियां चपेट में आ गईं। आठ बकरियों की जलकर मौत गई तथा 11 बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं। पीड़ित ने बताया कि घर में रखे 25 हजार रुपये, जेवर व कपड़े तथा गेहूं, उड़द आदि जल गया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय पीड़ित परिवार के हरिपाल कश्यप झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर अटरिया इंस्पेक्टर राकेश गुप्ता, मनवां चौकी प्रभारी राधेश्याम यादव मौके पर पहुंचे। अग्निकांड में मृत बकरियों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। झुलसी बकरियों को पशु अस्पताल भेजा गया है। उपजिलाधिकारी राखी वर्मा ने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान की जांच के लिए राजस्व टीम को भेजा गया था, रिपोर्ट शासन को भेजकर जल्द सहायता दिलाई जाएगी।