सीतापुर। एसआईआर फार्म भरकर जमा करने और उसे डिजिटाइज्ड करने की तय मियाद बृहस्पतिवार को खत्म हो रही है। इसके बाद भी कुछ बीएलओ इस कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। मछरेहटा ब्लॉक के बीडीओ राजेश कुमार तिवारी ने कार्य में लापरवाही बरते जाने पर 11 बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश बाल विकास परियोजना अधिकारी को दिया है। मछरेहटा ब्लॉक के बीडीओ राजेश कुमार तिवारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी मछरेहटा को पदीय दायित्वों में लापरवाही बरते जाने पर क्षेत्र के 11 बीएलओ (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधक मानते हुए एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा है। इसमें बीएलओ मुन्नी देवी, सुनीता देवी, मूला देवी, सरोज मिश्रा, सुलेखा देवी, आशा मिश्रा, विमला देवी, सुशील देवी, सेंधी देवी, आशा देवी, संध्या रानी के नाम शामिल है। थानाध्यक्ष मछरेहटा प्रभात ने बताया कि उन्हें एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं मिली है।