सीतापुर। संदिग्ध हालात में युवक की मौत होने के मामले में बृहस्पतिवार को रामपुर कलां पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रहिका मजरा घैला निवासी बबलू (18) 14 मार्च को लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी तलाशा पर पता नहीं चला। वह अपनी बुआ के घर जाने की बात कहकर निकले थे।
बाराबंकी के बड्डूपुर के बिबियापुर के पास शारदा नहर में युवक का शव उतराता मिला था। बुधवार शाम शव जब घर पहुंचा तो परिजनों हत्या का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया था। परिजनों ने शव को गांव की सड़क पर रखकर हत्या की अशंका जताते हुए विरोध जताया था। थानाध्यक्ष लल्ला गोस्वामी ने बताया कि अयोध्या, सूरज, राजकुमार की पत्नी व रामकुमार की पत्नी पर हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना निकला है। अन्य तथ्यों पर जांच की जा रही है।