डीएम के निरीक्षण के दौरान विकास कार्य संबंधी पत्रावली छिपाने पर खंड विकास अधिकारी लहरपुर ने एक अवर अभियंता के खिलाफ केस दर्ज करने की तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लहरपुर के खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें कहा है कि पांच नवंबर को डीएम ब्लॉक में निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान विकास कार्य संबंधित दस पत्रावलियों में से नौ पत्रवालियां पेश की गईं।
तकिया सुल्तानपुर सोलिंग से केशवराम के खेत तक मार्ग पर पुलिया एवं अप्रोच निर्माण कार्य से संबंधित एक पत्रावली पेश नहीं की गई। इस पर क्षेत्र पंचायत द्वारा न ही कोई विकास कार्य कराया गया और न ही कोई भुगतान किया गया। इसको लेकर डीएम ने मामले की स्थलीय जांच एसडीएम रतीराम लहरपुर से कराई।
एसडीएम ने अपनी जांच आख्या में आधा किलोमीटर मार्ग पर सिर्फ मिट्टी पटान कराया जाना दर्शाया है। इसके बाद उपायुक्त (श्रम रोजगार) दयाराम ने अपने पत्र में कहा है कि उक्त कार्य गलत मंशा से कराया गया है।
यदि निरीक्षण न किया गया होता तो भविष्य में इस कार्य का भुगतान कर शासकीय धन के दुरुपयोग की संभावना थी। जिसके कारण संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कराया जाए। इसी सिलसिले में खंड विकास अधिकारी ने संबंधित क्षेत्र में नियुक्त ग्राम अभिकरण विभाग के अवर अभियंता पुष्पेंद्र वर्मा के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल रघुवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई होगी।