सीतापुर। प्रधान सहित पांच पदों के आरक्षण के लिए जारी की गई अनंतिम सूची पर आपत्तियां प्राप्त कर उनके निस्तारण के बाद शुक्रवार को आरक्षण की अंतिम सूची जारी की गई। इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। अनंतिम आरक्षण में पदवार आरक्षण की जो स्थिति थी, वह यथावत है।
सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया गया। आरक्षण सूची काफी सावधानी पूर्वक पारदर्शी ढंग से तैयार की गई, इसीलिए इसका एक दर्जन अफसरों द्वारा परीक्षण करने के बाद भी कोई खामी नहीं निकली। इसके लिए उच्चाधिकारियों ने डीपीआरओ मनोज कुमार की तारीफ भी की।
डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति की ओर से जारी किए गए प्रस्तावित आरक्षण चार्ट पर 2107 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें सर्वाधिक 2046 आपत्तियां प्रधान पद की हैं। इसी प्रकार जिला पंचायत सदस्य की 27 आपत्तियां, क्षेत्र पंचायत सदस्य की 29 आपत्तियां एवं प्रमुख पद के लिए पांच आपत्तियां दर्ज की गईं। सभी आपत्तियों का निस्तारण करके डीपीआरओ ने इससे संबंधित सभी दस्तावेज सीडीओ को उपलब्ध कराए थे।
सीडीओ अक्षत वर्मा ने निस्तारित आपत्तियों के परीक्षण के लिए तीन टीमें गठित की थीं। तीनों टीमों ने निस्तारित आपत्तियों का सत्यापन कर रिपोर्ट सीडीओ को उपलब्ध कराई। निस्तारण में कोई खामी न पाए जाने पर सीडीओ एवं डीएम ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद शुक्रवार को प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत, सदस्य जिला पंचायत एवं प्रमुख पद के आरक्षण की अंतिम सूची का प्रकाशन विकास भवन, ब्लॉक मुख्यालयों, जिला पंचायत व ग्राम पंचायतों के सूचना पट पर किया गया।
इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों का हुजूम जुटा। खासकर जिन संभावित दावेदारों की ओर से आरक्षण परिवर्तन को लेकर स्वयं एवं ग्रामीणों से आपत्तियां कराई गई थी, उनके द्वारा अपनी सीट को ध्यानपूर्वक देखा गया। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आरक्षण की अंतिम सूची का प्रकाशन निर्धारित स्थानों पर कर दिया गया है। प्रस्तावित आरक्षण पर प्राप्त सभी आपत्तियों को खारिज करते हुए सूची जारी की गई है।