पिसावां। सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने मंगलवार को विकासखंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान बरगावां ग्राम पंचायत के मिनी स्टेडियम में गंदगी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और ग्राम विकास अधिकारी विनय यादव को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत बरखेरवा गांव से हुई। जहां उन्होंने लाइब्रेरी और खुले जिम का जायजा लेते हुए परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके बाद वह बरगावां ग्राम पंचायत स्थित मिनी स्टेडियम पहुंचीं।
वहां गंदगी देखकर उन्होंने बीडीओ श्रुति शर्मा को ग्राम विकास अधिकारी विनय यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अंत में, उन्होंने कपसा कला स्थित गोशाला का जायजा लिया। गोशाला का संचालन करने वाले गैर-सरकारी संगठन के प्रतिनिधियों को साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी ने इसके बाद अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण किया। ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने कोटेदार मोहन लाल और ग्राम प्रधान का मोबाइल नंबर भवन की दीवार पर लिखवाने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में पूरी साफ-सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी गई।