खैराबाद (सीतापुर)। ग्राम पंचायत मखुवा चौबेपुर में बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। गांव के 200 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। इन मरीजों में किसी की आंखें लाल हैं तो किसी की आंखें सूजी हुईं हैं। सीएचसी की टीम ने 112 मरीजों को दवाएं बांटीं।
गांव में एक सप्ताह से बुखार का प्रकोप फैलता जा रहा है। कोई बुखार के चलते दर्द से कराह रहा है तो कोई आंखों में समस्या के कारण परेशान है। कई दिनों से जब स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची तो मरीजों ने निजी अस्पतालों में इलाज करवाया।
बुधवार को जानकारी होने पर सीएचसी की टीम गांव पहुंची और मरीजों की सेहत जांची। इस दौरान 112 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। 40 मरीजों के ब्लड के सैंपल लिए गए हैं। टीम में डॉ. शहीना बानो, आशीष श्रीवास्तव, डॉ. रामआसरे शामिल रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमाशंकर यादव ने बताया कि गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया है। गांव में फॉगिंग भी कराई जा रही है।