महोली (सीतापुर)। तेंदुए की दहाड़ से गुरुवार को दहशत फैल गई। खेत में काम कर रहे किसान दहाड़ सुनकर घर की ओर भाग पड़े। बाइक से जा रहा युवक अपनी बाइक छोड़कर गांव की ओर दौड़ पड़ा। तेंदुए के डर से लोग घरों में छिप गए। खेत खाली हो गए। वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की। मौके पर तेंदुए के नए पग चिह्न मिले हैं।
महोली क्षेत्र में करीब हफ्तेभर से तेंदुए की दहशत है। गुरुवार को तेंदुए के पग चिह्न मिलने से एक बार फिर लोग सहम गए हैं। क्षेत्र के ढखिया गांव के निकट गुरुवार दोपहर अचानक गन्ने के खेत से तेंदुए के दहाड़ने की आवाज आने लगी। इसे सुनते ही पास के खेतों में काम कर रहे किसान घरों की तरफ भागे।
गांव के बाहर ही बड़ागांव-मितौली मार्ग निकला है। गांव के ही विक्रम बाइक से जा रहे थे। दहाड़ सुनकर वह अपनी बाइक छोड़कर गांव की ओर भाग पड़े। काफी देर बाद ग्रामीण फूलचंद, कमलेश, सालिकराम, अमित, शेरा जब खेतों के पास पहुंचे तो उन्हें तेंदुए के पग चिह्न मिले। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की।
वन क्षेत्राधिकारी केएन भार्गव ने बताया कि पग चिह्न तेंदुए के ही हैं। तेंदुआ खीरी के जंगलों की तरफ बढ़ रहा है। टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है। ग्रामीणों को सचेत किया गया है कि समूह बनाकर ही खेतों की तरफ जाएं।