सीतापुर। जिले में खाद की किल्लत के बीच जिम्मेदारों की सरपरस्ती में इसकी कालाबाजारी भी जारी है। समसापुर समिति के गोदाम से बृहस्पतिवार भोर कालाबाजारी के लिए पिकअप में लोड की जा रही यूरिया को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस व विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।
विकास खंड गोंदलामऊ क्षेत्र के रघुनाथपुर में समसापुर साधन सहकारी समिति है। बृहस्पतिवार तड़के करीब पांच बजे कुछ किसान खेतों की ओर निकले थे। इसी दौरान समिति के बाहर पिकअप में यूरिया लोड होते देखकर वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि समिति पर चतुर्थ श्रेणी कर्मी की मौजूदगी में वाहन में खाद की बोरियां लादी की जा रही थीं।
गांव निवासी राम बहादुर सिंह ने शोर मचाते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी हो रही है। यह सुनकर किसान महादेव सिंह, मोनू सिंह, मुन्नू सिंह, लालजी, ऊदन सिंह, आनंद, सोनू सिंह, समसेर सिंह, सुधाकर, जगदीश आदि मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उससे पूछताछ की। ग्रामीणों के मुताबिक वाहन चालक और वाहन हरदोई जनपद का है। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए लोड की गई यूरिया को वाहन से उतरवाया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। जानकारी होने पर एडीओ कृषि ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।