नैमिषारण्य (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के भैंसापुर गांव में बुधवार सुबह भैरमपुर निवासी रामकिशन (75) का खून से लथपथ शव खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामकिशन भैंसासुर गांव में मामा के लड़के राजेंद्र के खेत की रखवाली करते थे। वह गांव के बाहर ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। बुधवार सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने खेत के पास ही उनका शव पड़ा देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने की बात कह हत्या की आशंका जताई। इंस्पेक्टर के साथ ही सीओ मिश्रिख दीपक कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
संदिग्ध हालात में पड़ा मिला युवक का शव
खैराबाद (सीतापुर)। अशरफपुर में पानी की टंकी के निकट एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
बनका जलालपुर निवासी रमेश (45) का शव संदिग्ध हालात में पानी की टंकी के पास पड़ा मिला। बेटी रिंकी ने आरोप लगाया कि उनके पिता की किसी ने हत्या की है। मुंह से खून आ रहा था। हाथ व गले में भी नाखून के निशान मिले हैं। रिंकी ने बताया कि पिता ने अभी एक मकान भी बेचा था। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के मुताबिक रमेश अक्सर नशे में रहते थे। हत्या जैसी आशंका नहीं लग रही है। पीड़ित परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।