पिसावां (सीतापुर)। नदी किनारे खेत देखने गए किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की पत्नी ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है।
मैनिया गांव निवासी रामपाल (55) बुधवार देर शाम गांव के पास से निकली गोमती नदी के किनारे स्थित खेत देखने गया था। कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। किसान भी मौके पर पहुंच गया। इसी बीच नदी से निकले मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसका शव क्षत-विक्षत हो गया।
परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पत्नी रानी ने वन क्षेत्राधिकारी के एन भार्गव को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।