जहांगीराबाद क्षेत्र में रोते बिलखते मृतक के परिवारीजन।
जहांगीराबाद (सीतापुर)। रेउसा थाना क्षेत्र के बंगरहा बाज़ार के पास सोमवार सुबह एक बाइक व ट्रैक्टर-ट्राॅली के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार किसान की ट्रॉली से कुचल कर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
थाना रेउसा क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी राम लखन पाल (60) सोमवार सुबह अपने भतीजे मोहित (16) संग बाइक से बड़हिनपुरवा रिश्तेदारी में खिचड़ी खाने जा रहे थे। वे जब थाना क्षेत्र के ही बंगरहा बाजार के पास पहुंचे, तभी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली को ओवरटेक करने लगे और इस दौरान सामने से एक साइकिल सवार आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई उलझ गई। बाइक पर बैठे रामलखन ट्राॅली के नीचे आ गए और उसके पहिये से कुचल कर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक भतीजा मोहित चला रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया।
मोहित को बेटा मानते थे रामलखन
मृतक रामलखन मोहित को अपना बेटा मानते थे। उसे अपने साथ रखकर लालन-पालन कर रहे थे। मोहित का सीएचसी रेउसा में इलाज चल रहा है।