जहांगीराबाद/रेउसा। बिसवां-रेउसा मार्ग पर एक बेकाबू वाहन ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। बैलगाड़ी में लकड़ी लदी हुई थी। हादसे में बैलगाड़ी सवार एक किसान की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। घटना में बैलगाड़ी तहस-नहस हो गई। एक बैल भी जख्मी हो गया।रेउसा थाना क्षेत्र के बीड़ी गांव निवासी रमजान (25) खेती करता था। गुरुवार सुबह लगभग चार बजे वह बैलगाड़ी पर लकड़ी लादकर
जहांगीराबाद स्थित लकड़ी मंडी जा रहा था। उसके साथ गांव निवासी कन्हैयालाल और विनोद भी थे। पलहरी गांव के मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बैलगाड़ी में टक्कर मार दी। इससे बैलगाड़ी के परखच्चे उड़ गए और बैल गाड़ी चला रहे रमजान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव और घायल कन्हैया व विनोद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा पहुंचाया। रेउसा के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि परिजनों ने घटना की तहरीर देने से इनकार कर दिया, इसलिए शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।