सीतापुर। सीतापुर, लखीमपुर और बहराइच में बच्चों में नेत्रहीनता की समस्या को दूर करने के लिए ऑर्बिस ने सीतापुर आई हॉस्पिटल के साथ हाथ मिलाया है। दोनों की साझा प्रोजेक्ट का उद्देश्य भारत में बच्चों में नेत्रहीनता की प्रमुख समस्या को दूर करना है। इसकी कवायद बृहस्पतिवार से शुरू हुई। आंख अस्पताल में इसको लेकर एक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।
यह परियोजना तीन वर्ष के अंतराल में इन जिलों में 60 शिविरों में सहयोग करेगी। इनमें 18 वर्ष आयुवर्ग के दो लाख बच्चों की आंखों की जांच की जाएगी और बच्चों में आंखों के 2600 ऑपरेशन भी किए जाएंगे। इनके अतिरिक्त दृष्टिबाधित बच्चों को 3200 चश्मे भी बांटे जाने की योजना है। जरूरतमंदों को गुणवत्ता पूर्ण इलाज मुहैया कराना भी इस प्रोजेक्ट का मकसद है।
सीतापुर आई हॉस्पिटल ट्रस्ट की सचिव अनु टंडन का कहना है इस पहल से बच्चों के लिए आंखों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के रास्ते खुलेंगे। सीतापुर आई हॉस्पिटल ट्रस्ट के चीफ मेडिकल अफसर ब्रिगेडियर डॉ. वीके बरनवाल ने कहा हमारा दृष्टिकोण और ऑर्बिस के साथ भागीदारी आंखों की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी।
सीतापुर आई हॉस्पिटल ट्रस्ट की डायरेक्टर डॉ. मधु भदौरिया ने कहा कि इस कवायद में नेत्र से संबंधित सभी रोगों का उपचार, बचाव एवं विकलांगता निवारण होगा। ऑर्बिस के ग्लोबल प्रोग्राम्स की सीनियर वाइस प्रेजिडेंट डॉ. डोरिस मछारिया का कहना है यह पहल विभिन्न समुदायों तक पहुंचेगी।