खैराबाद में पकड़ी गई नकली खाद बनाने की फैक्टरी।
- फोटो : SITAPUR
खैराबाद (सीतापुर)। प्रशासन ने रविवार को छापामारी कर खाद बनाने की नकली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। रविवार को दो स्थानों पर मारे गए छापे में बड़ी मात्रा में खाद बरामद की गई। टीम ने दोनों गोदामों को सील कर दिया है। उधर, जिला कृषि अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए डीएम को पत्रावली भेज दी है। दोनों अवैध कारोबारी मौके पर मिले।
खैराबाद थाना इलाके के दो स्थानों पर बिना लाइसेंस के नकली खाद बनाने की जिला प्रशासन को सूचना मिली थी। इस पर एसडीएम सदर अमित भट्ट एवं जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडेय की टीम ने छापा मारा। पहली कार्रवाई थाना खैराबाद क्षेत्र के ग्राम असोढर में की गई। वहां फैक्टरी संचालक ब्लॉक मछरेहटा निवासी ज्ञानेश दीक्षित के पास आर्गेनिक खाद बनाने का लाइसेंस है।
इनके द्वारा अवैध रूप से सल्फर खाद बनाई जा रही थी। सल्फर बनाने के लिए मौके पर तीन सौ बोरी सल्फर का कच्चा माल मिला। खुली व बंद बोरियां पैकिंग होती मिली। चांद छाप खाद के नकली रैपर मिले। एक-एक किग्रा. के तीन सौ पैकेट की पैकिंग की जा चुकी थी। इस अवैध कार्य को करने के लिए पांच कर्मचारी लगाए गए थे। सभी मौके से फरार हो गए। संचालक ज्ञानेश दीक्षित मौके पर मिले।
दूसरी कार्रवाई लखीमपुर रोड पर ग्राम खजुरिया के बाहर खेत में स्थित एक अवैध खाद फैक्टरी पर की गई। टीम को वहां बिना लाइसेंस के खाद बड़ी संख्या में बनती मिली। टीम को एक हजार पांच सौ बाल्टी, आठ बोरी जैविक डीएपी बनी हुई मिली। दस बोरी बायो डीएपी एवं 17 बोरी भरी हुई सुपर पोटैशियम फ्यूमेट बरामद की। चार सौ रैपर के खाली गत्ते मिले। तराजू, बाट भी मौके पर मिला।
जांच के लिए बनाई गई लैब भी पाई गई, जो नियमों के विपरीत बनी है। इस अवैध फैक्टरी का संचालन खजुरिया निवासी यतेन्द्र कुमार शर्मा कर रहे थे, जो मौके पर मिले। छापामारी के दौरान टीम ने दोनों गोदामों को सील कर दिया है। जांच टीम में एसडीएम सदर अमित भट्ट, जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडे, एमपी सिंह, नबी अहमद, दोनो स्थानों के इंचार्ज आदि मौजूद रहे।