मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक बाग में छापा मारकर तमंचा बना रही फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा बना रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित तमंचे व उपकरण बरामद किए। आरोपी को जेल भेजने के बाद पुलिस इससे जुड़े बाकी लोगों की तलाश व जांच में जुट गयी है।
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की जानकारी पर पुलिस ने रामपुर गांव के पास एक बाग में छापेमारी कर रामपुर मजरा उदईपुर पश्चिमी गांव निवासी इंद्रपाल को अवैध शस्त्रों का निर्माण करते हुए मौके से दबोचा गया।
उसके कब्जे से छह निर्मित व अद्र्धनिर्मित अवैध तमंचे, असलहे की दो बॉडी, तीन लोहे की नाल, पांच अदद कारतूस व अवैध शस्त्र बनाने व मरम्मत के उपकरण बरामद हुए। अवैध असलहा की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम में दारोगा महेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबिल श्यामकुमार, आरक्षी जय प्रताप सिंह, सूरज धुरिया, योगेश सिंह आदि शामिल थे। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने क साथ ही इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश व जांच शुरू कर दी है।