सीतापुर। बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके जरिये फैसला वापस लेने की मांग की।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिला संयोजक हिमांशु पटेल ने आरोप लगाया है कि पॉवर कॉर्पोरेशन प्रबंधन और चेयरमैन निजीघरानों के साथ मिलीभगत कर कौड़ियों के दाम पर 42 जनपदों में बिजली का निजीकरण करने में लगे हैं।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि निजीकरण के नाम पर अभियंताओं को दंडित किया गया तो इसकी तीखी प्रतिक्रिया होगी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा प्रशासनिक आधार पर अभियंताओं का स्थानांतरण किए जाने के संबंध में बिजली कर्मियों में गुस्सा फैल गया है।
संघर्ष समिति ने कहा कि चेयरमैन ने कल यह धमकी दी है कि अनुशासनहीनता करने वाले अभियंताओं को नगरीय क्षेत्र से स्थानांतरित किया जाए। 15 जून से पहले ऐसे अभियंताओं की सूची भेजी जाए। जिन्हें प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित किया जाना है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।