गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले 1 से 10 अगस्त तक शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके लिए वार्डवार नोडल अधिकारी भी लगाए गए हैं। इन अधिकारियों को अपने वार्ड के साफ-सफाई अभियान की प्रतिदिन की रिपोर्ट डीएम को देनी होती है।
सोमवार को अमर उजाला ने सीतापुर शहर में सफाई कार्यों की पोल खोलती रिपोर्ट प्रकाशित की थी। यह खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने वार्डवार लगाए गए 30 नोडल अफसरों से रिपोर्ट तलब की है। बावजूद इसके 30 में से 27 अफसरों ने डीएम कार्यालय को रिपोर्ट मुहैया नहीं कराई।
जिन अफसरों ने रिपोर्ट नहीं दी, उनमें डीसी मनरेगा, डीडीओ, डीडी कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर समाज कल्याण अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग, अल्पसंख्यक अधिकारी, डीपीओ, भूमि संरक्षण अधिकारी सीतापुर आदि शामिल हैं।
इनके द्वारा निरीक्षण आख्या प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस के जरिए अफसरों से अविलंब जवाब देने को कहा गया है।